संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। गुरुवार को जिले के हिरणपुर प्रखंड के तोड़ाई पंचायत में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवालने कहा कि 30 अगस्त से 15 सितम्बर तक सभी 128 पंचायतों में कार्यक्रम का आयोजन कर आम जनमानस की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता होगी। इसके अलावे उपायुक्त ने ग्रामीणों को आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार अभियान से जुड़ी जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, लोगों को जागरूक करना, ताकि लोग आसानी से योजनाओं का लाभ उठा सके। इसके अलावे उपायुक्त ने जानकारी दी गई कि सरकार का प्रयास है कि अंतिम पायदान के अंतिम व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि झारखंड सरकार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पहले इस योजना के तहत 21 साल से 50 साल की महिलाओं को ही लाभ दिया जाना था। लेकिन सरकार ने अब 18 साल से लेकर 20 साल की महिलाओं को भी इस योजना में छूट देते हुए उन्हें भी लाभ लेने का मौका दिया है। यानी कि अब इस योजना में 21 से 50 नहीं बल्कि 18 से 50 साल तक की महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं। झारखंड सरकार द्वारा आरंभ की गई योजना गुरुजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में जिले के छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए लोन प्रदान किया जाता है। छात्रों को यह लोन 15 लाख रुपए तक उपलब्ध होता है।
अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना आदि योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उपायुक्त ने लाभुकों के बीच विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से लाभुकों को लाभान्वित किया। आज के कार्यक्रम में अबुआ आवास योजना, उत्रति का पहिया (साईकिल), सवजन पेंशन योजना, चक्रीय निधि ब्याज योजना के तहत 28 एसएचजी दीदियों के बीच 8 लाख 40 हजार का चेक, 05 लाभुकों के बीच एसएचजी के तहत आईडी कार्ड का वितरण किया गया। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडु दिलीप, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, जिला परिषद सदस्य, मुखिया, प्रखण्ड एवं पंचायत स्तर के अधिकारी, कर्मी व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।





