जामताड़ा : कांग्रेस और झामुमो ने झारखंड में आदिवासियों को सिर्फ ठगने का काम किया है। कांग्रेस और झामुमो की सरकार झारखंडियों, खासकर संथालों के हित में कतई भी अच्छी नहीं है। यह लोग भाजपा को आदिवासी विरोधी बताते हैं जबकि सबसे बड़े आदिवासी विरोधी यह स्वयं ही हैंं। गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने जामताड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। भाजपा जनजाति मोर्चा के द्वारा संथाल परगना में घटती आदिवासियों की जनसंख्या और उनके लूटते जमीन को लेकर सरकार के खिलाफ एक जनआक्रोश रैली निकाली गई। जामताड़ा यज्ञ मैदान में आयोजित सभा में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संथाली भाषा को आठवीं अनुसूची में भाजपा ने शामिल कराया, झारखंड अलग राज्य भाजपा शासन में बना, आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को भाजपा ने राष्ट्रपति जैसे गरीमामई पद पर बिठाने का काम किया, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा में आज आदिवासी मुख्यमंत्री है तो यह भी भाजपा की देन है, फिर भी सरकार में बैठे लोग भाजपा को आदिवासियों का विरोधी बताते हैं यह सब उनकी चाल है। उन्होंने कहा कि भाजपा सही मायने में आदिवासियों की सबसे बड़ी हितैषी पार्टी है और यही आदिवासियों का कल्याण कर सकती है। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ एक बड़ी चिंता का विषय है जिससे यहां संथाल की आबादी भी घट रही है। उन्होंने आंकड़ों पर समझते हुए सरकार से एसआईटी गठन कर जांच करने की मांग की। वर्तमान सरकार अपने 5 सालों में पांच ऐसे काम बता दे जो उन्होंने आदिवासियों के हित में किया हो। चुनाव के समय मईया सम्मान योजना शुरू किया गया है जो महज एक लॉलीपॉप है, जिसे दिखाकर यह लोग से वोट हासिल करना चाहते हैं। पिछले चुनाव में जो भी वादे किए थे सब के सब अधूरे रह गए हैं। युवाओं को रोजगार देने की बात पूरी नहीं की, उन्हें पेंशन देने की बात पूरी नहीं की और न ही महिलाओं को सम्मान देने का कार्य वर्तमान सरकार ने किया। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर आज हम यहां आपसे अपील करने आए हैं कि अगर आपको अपने जमीन की रक्षा करनी है, अपनी बेटियों की इज्जत बचानी है तो भाजपा को समर्थन दें, बीजेपी को चुनेंं। इस जनसभा में पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने अपने संबोधन में वर्तमान झारखंड सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मोदी के नेतृत्व में चल रहे वर्तमान केंद्र सरकार के योजनाओं की तारीफ की। भाजपा द्वारा आदिवासी हित में उठाए जा रहे कदम और किए गए कार्यों की सराहना की तथा लोगों से भाजपा को समर्थन देने की बात कही। इस जनसभा के उपरांत यज्ञ मैदान से जनआक्रोश रैली निकाली गई जो इंदिरा चौक, स्टेशन रोड, सुभाष चौक होते हुए पुनः यज्ञ मैदान में आकर संपन्न हुआ। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण, पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मंगल सोरेन, वरिष्ठ आदिवासी नेता सुनील हांसदा, वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, दुबराज मंडल, सुरेश राय, जिला परिषद अध्यक्ष राधा रानी सोरेन, संतन मिश्रा, सुरेश राय, मनीष दुबे, विनोद मंडल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुकमणि हेंब्रम, कमलेश मंडल, प्रदीप मंडल सहित सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्र से आए आदिवासी महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।






