पत्नी संगीता करोड़ों के रेनेसां कोर्ट बंगले को नीलामी से बचाने कर रही कानूनी संघर्ष
नई दिल्ली । लंदन में बसे भारतीय स्टील कारोबारी प्रमोद मित्तल, जो कभी दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी परिवारों में थे, आज दिवालिया हो चुके हैं। उन्होंने अपनी बेटियों की शादियों पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए थे, एक बेटी की शादी बार्सिलोना में और दूसरी की इस्तांबुल में की। इन भव्य शादियों की चर्चा चारों ओर थी, जिनमें प्रतिष्ठित संग्रहालयों को बुक किया गया था। उनका शाही बंगला भी लंदन के वीवीआईपी मेफेयर इलाके में, बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बंगले के पास था। ये उनके बुलंदियों के दिन थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आज स्थिति यह है कि दिवालिया घोषित हो चुके प्रमोद मित्तल की पत्नी संगीता मित्तल उसी करोड़ों के रेनेसां कोर्ट बंगले को नीलामी से बचाने के लिए कानूनी संघर्ष कर रही हैं। प्रमोद मित्तल अरबपति कारोबारी लक्ष्मी मित्तल के छोटे भाई हैं। करीब 357 करोड़ रुपये कीमत की इस संपत्ति को बार्कलेज बैंक कर्ज की वसूली के लिए बेचने की तैयारी में है। संगीता मित्तल ने लंदन हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाकर इस कार्रवाई को रोकने की मांग की है।
उनका कहना है कि वह वर्ष 1998 से इसी मकान में रह रही हैं और इसे उनके परिवार का स्थायी घर बनाने के आश्वासन पर ही वह कोलकाता छोड़कर लंदन आई थीं। संगीता का दावा है कि उन्हें इस संपत्ति में स्वामित्व का अधिकार और जीवनभर वहां रहने का हक दिया गया था। रेनेसां कोर्ट को वर्ष 1998 में करीब 106 करोड़ रुपये में ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर होल्डिंग्स लिमिटेड नामक कंपनी के जरिए इसे खरीदा गया था।
संगीता के मुताबिक उनके ससुर और दिवंगत उद्योगपति मोहन लाल मित्तल ने परिवार के लिए इस मकान को खरीदने में मदद की थी। बाद में संपत्ति का स्वामित्व ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में रजिस्टर्ड कंपनी मीड्सवेल एस्टेट्स लिमिटेड के पास चला गया, जिसने बार्कलेज बैंक से कर्ज लेकर संपत्ति को गिरवी रखा था। कंपनी कर्ज की किस्तें नहीं चुका सकी, जिसके बाद बैंक ने 19 अप्रैल 2023 को संपत्ति के लिए रिसीवर नियुक्त कर दिए। रिसीवर अब मकान का कब्जा हासिल कर उसे बेचकर बैंक का बकाया कर्ज वसूलना चाहते हैं। यह विवाद अब केवल मकान के कब्जे तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें पारिवारिक ट्रस्ट, विदेशों में रजिस्टर्ड कंपनियों और संपत्ति पर अधिकार के अलग-अलग दावों का पेचीदा मामला शामिल हो गया है।
एक कानूनी फर्म ने भी बकाया भुगतान की वसूली के लिए संगीता मित्तल, उनकी दो बेटियों वर्तिका और सृष्टि और बेटे दिव्येश के खिलाफ कार्यवाही शुरू की है, जिससे परिवार की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मित्तल परिवार की मौजूदा स्थिति की तुलना उसके पुराने शाही अंदाज से करें तो बदलाव काफी चौंकाने वाला है। वर्ष 2013 में प्रमोद मित्तल ने अपनी बेटी सृष्टि की शादी स्पेन के बार्सिलोना में बेहद भव्य तरीके से की थी। इस तीन दिवसीय समारोह पर करीब पांच करोड़ पाउंड खर्च किए जाने की खबरें आई थीं। समारोह के लिए बार्सिलोना के एक प्रमुख सार्वजनिक संग्रहालय को आयोजन स्थल बनाया गया था और करीब 500 मेहमानों के लिए दो मिशेलिन स्टार वाले शेफ ने भोजन तैयार किया था। भारत और थाईलैंड से करीब 200 बटलर और शेफ भी बुलाए गए थे। परिवार की बड़ी बेटी वर्तिका की शादी 2011 में इस्तांबुल के सिरागन पैलेस में हुई थी, जो अपने आप में एक भव्य आयोजन था।




