नई दिल्ली । दो पहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के विभिन्न संस्करणों की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है, जो मॉडल के आधार पर 1,135 रुपये से लेकर 3,086 रुपये तक बढ़ाई गई हैं। सबसे अधिक बढ़ोतरी स्प्लेंडर प्लस स्पेशल एडिशन में हुई है। कंपनी इसे अलग-अलग फीचर्स वाले चार प्रमुख संस्करणों में बेच रही है। दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमतों के अनुसार, स्प्लेंडर प्लस ड्रम की कीमत बढ़कर अब 78,912 रुपये हो गई है, जबकि स्प्लेंडर प्लस आई3एस अब 80,045 रुपये में उपलब्ध है। स्प्लेंडर प्लस स्पेशल एडिशन, जिसकी कीमत में सबसे अधिक इजाफा हुआ है, अब 81,666 रुपये में मिलेगी। वहीं, स्प्लेंडर प्लस 125 मिलियन एडिशन की कीमत भी बढ़कर 81,666 रुपये हो गई है। कंपनी ने पहले उपलब्ध ब्लैक एंड एक्सेंट रंग विकल्प का नाम बदलकर स्पेशल एडिशन किया है और इसमें मैट ग्रे, मैट वर्नियर ग्रे और कैंडी ब्लेजिंग रेड जैसे तीन नए रंग शामिल किए हैं। सामान्य स्प्लेंडर प्लस संस्करणों में आगे और पीछे ड्रम ब्रेक दिए गए हैं।
ग्राहकों के लिए बेहतर ब्रेकिंग क्षमता के साथ आगे डिस्क ब्रेक चाहने वालों के लिए एक्सटीईसी संस्करण मौजूद है। स्प्लेंडर प्लस एक्सटीईसी में एनालॉग-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए कॉल और एसएमएस अलर्ट की सुविधा के साथ-साथ वास्तविक माइलेज की जानकारी भी देखी जा सकती है। वहीं, स्प्लेंडर प्लस एक्सटीईसी 2.0 में हैलोजन हेडलाइट की जगह एलईडी हेडलाइट और इंडिकेटर में हैजार्ड लाइट की सुविधा शामिल की गई है, हालांकि इसमें आगे डिस्क ब्रेक नहीं मिलता, यह केवल ड्रम ब्रेक विकल्प में उपलब्ध है। हीरो स्प्लेंडर प्लस का फ्लेक्स संस्करण भी कंपनी की पेशकश का हिस्सा है।
कंपनी के अनुसार, जून से अब तक स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स के फ्लेक्स संस्करणों की कुल 15,000 यूनिट डीलरों को भेजी जा चुकी हैं। फ्लेक्स संस्करण की खासियत इसका फ्लेक्स-फ्यूल इंजन है, जो E85 ईंधन पर चलने के दौरान अपने ई20 संस्करण की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक शक्ति और 3 प्रतिशत अधिक टॉर्क देता है। हालांकि स्प्लेंडर प्लस फ्लेक्स की कीमत में लॉन्च के बाद बढ़ोतरी हुई है, एचएफ डीलक्स फ्लेक्स की कीमत 72,792 रुपये पर बरकरार है। कीमत और फीचर्स के लिहाज से स्प्लेंडर प्लस फ्लेक्स को सामान्य स्प्लेंडर प्लस और स्प्लेंडर प्लस एक्सटीईसी के बीच रखा गया है।




