नई दिल्ली । रोने से शरीर और मन पर कुछ अच्छे असर भी हो सकते हैं, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। जब इंसान बहुत ज्यादा परेशान या तनाव में होता है, तो उसका शरीर भी इसका असर महसूस करता है। ऐसे समय में रो लेने के बाद कई लोगों को कुछ राहत महसूस होती है। इसका एक कारण यह है कि रोने के दौरान हम अपने अंदर छिपी भावनाओं को बाहर आने देते हैं। इससे मन पर बना दबाव कुछ कम महसूस हो सकता है और व्यक्ति हल्का महसूस करता है। वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार, जब हम तनाव में होते हैं, तो शरीर का स्ट्रेस सिस्टम सक्रिय हो जाता है। दिल की धड़कन बढ़ सकती है, मांसपेशियों में खिंचाव आता है और दिमाग लगातार परेशान करने वाली बातों के बारे में सोचता रहता है। भावनात्मक रूप से रोने के बाद कुछ लोगों में शरीर के शांत होने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। पैरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम शरीर को आराम की स्थिति में वापस लाने में भूमिका निभाता है, जिससे तनाव के शारीरिक लक्षण कम होते हैं। कई बार हम किसी बात से बहुत परेशान होते हैं, लेकिन उसे शब्दों में समझा नहीं पाते। ऐसी स्थिति में रोना इमोशन्स को जाहिर करने का एक स्वाभाविक तरीका बन जाता है।
किसी भरोसेमंद व्यक्ति के सामने रोने से बातचीत शुरू हो सकती है और सामने वाला यह समझ सकता है कि हम अंदर से परेशान हैं। इस तरह आंसू कभी-कभी लोगों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने का काम भी करते हैं, जिससे व्यक्ति को अकेलापन महसूस नहीं होता। अब सवाल आता है कि रोने के बाद मन हल्का क्यों लगता है? दरअसल, भावनात्मक रोने के दौरान शरीर में कई तरह की प्रक्रियाएं चलती हैं। कुछ शोधों में पाया गया है कि रोने के बाद लोगों को शांत और भावनात्मक रूप से बेहतर महसूस होता है। इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि व्यक्ति कुछ देर के लिए अपनी भावनाओं को दबाने के बजाय उन्हें स्वीकार करता है।
यह भी माना जाता है कि आंसुओं में तनाव के हार्मोन निकलते हैं, और इसी वजह से तनाव कम होने में मदद मिलती है, जिससे नींद आसानी से आ जाती है और शरीर को पूर्ण आराम मिलता है। आंखों के लिए आंसू बेहद जरूरी हैं। वे आंखों की सतह को नम रखते हैं और पलक झपकने के साथ आंखों पर एक पतली परत बनाए रखते हैं। यही परत आंखों को सूखने से बचाने और बाहरी कणों को हटाने में मदद करती है। धूल या किसी जलन पैदा करने वाली चीज के आंख में जाने पर अचानक आंसू आना भी शरीर की सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है, जो आंखों को संभावित नुकसान से बचाता है। हालांकि लगातार आंखों से पानी आना किसी दूसरी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है, जिसके लिए चिकित्सकीय सलाह जरूरी है। कभी-कभार रोना बिल्कुल सामान्य है और सेहतमंद भी।




