सीएम फडणवीस ने 53,928.2 करोड़ रुपए की प्रस्तावित परियोजना को दी हरी झंडी
मुंबई । देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक महत्वाकांक्षी भूमिगत सड़क नेटवर्क परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 53,928.2 करोड़ रुपए की इस प्रस्तावित परियोजना को हरी झंडी दी है, जिसके तहत शहर में 31 किलोमीटर लंबी भूमिगत सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को पाताल लोक नाम दिया गया है और यह शहर के पश्चिमी और मध्य हिस्सों को जोड़ने के साथ पूर्वी उपनगरों तक पहुंचेगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित नेटवर्क बांद्रा-वर्ली सी लिंक, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स, धारावी, मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को आपस में जोड़ेगा। इसके अतिरिक्त, बीकेसी स्थित बुलेट ट्रेन स्टेशन तक भी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की योजना है। यह परियोजना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में शहर के पश्चिमी और मध्य हिस्सों को जोड़ा जाएगा, जबकि दूसरे चरण में नेटवर्क को पूर्वी उपनगरों के घाटकोपर तक विस्तारित किया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक परियोजना का मुख्य हिस्सा बीकेसी और धारावी के बीच मीठी नदी के नीचे से गुजरेगा, जहां से भूमिगत सड़क चार दिशाओं में विभाजित होगी। पहला मार्ग बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जुड़ेगा, दूसरा धारावी की ओर, तीसरा बीकेसी के जी ब्लॉक को और चौथा उत्तर दिशा में मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचेगा। बीकेसी की ओर जाने वाले मार्ग पर चुनाभट्टी में निकास की सुविधा होगी, जहां से वाहन चालक ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे तक पहुंच सकेंगे। हवाई अड्डे की ओर जाने वाला भूमिगत मार्ग वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के समानांतर चलेगा और बांद्रा पूर्व, वकोला तथा विले पार्ले जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों के नीचे से गुजरेगा। दूसरे चरण में यह नेटवर्क अंधेरी पूर्व के असल्फा और साकीनाका जैसे इलाकों से गुजरते हुए घाटकोपर के पास ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जुड़ेगा।
सीएमओा की ओर से जारी बयान के मुताबिक इस परियोजना का उद्देश्य प्रमुख सड़क मार्गों को भूमिगत नेटवर्क से जोड़कर मौजूदा सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करना है। वर्तमान में मुंबई के कई मार्गों पर वाहनों की औसत रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहती है, जबकि प्रस्तावित भूमिगत सड़कों पर वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकेंगे, जिससे समय की बचत होगी। सीएम ने नवंबर 2025 में इस परियोजना की घोषणा की थी, जिसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही थी। अब सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण जनरल कंसल्टेंट की नियुक्ति, वित्तीय व्यवस्था और निर्माण कंपनियों के चयन जैसे अगले चरणों पर काम करेगा।
घनी आबादी वाले मुंबई शहर के नीचे सुरंग बनाने में कई तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियां सामने आएंगी, जिसमें मौजूदा मेट्रो कॉरिडोर, भूमिगत बिजली और पानी की लाइनें शामिल हैं। इसके लिए करीब 20 एनओसी की जरुरत होगी। मीठी नदी और मैंग्रोव क्षेत्रों के आसपास से गुजरने वाले हिस्सों के लिए तटीय विनियमन क्षेत्र समेत अन्य पर्यावरणीय मंजूरियां भी जरूरी होंगी। सुरंग निर्माण के लिए मुख्य रूप से टनल बोरिंग मशीनों का उपयोग किया जाएगा। परियोजना की लागत के वित्तपोषण के लिए एमएमआरडीए घरेलू संसाधनों के साथ विदेशी वित्तीय संस्थानों से भी कर्ज लेने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। यह भूमिगत सड़क नेटवर्क सी लिंक, कोस्टल रोड और पूर्वी कॉरिडोर की प्रस्तावित एलिवेटेड सड़कों से भी जुड़ेगा, जिससे मुंबई के साथ ठाणे और आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।




