मंगलमय यात्रा की प्रार्थना के साथ राहगीर रखते हैं पत्थर
रांची । झारखंड की पहचान सिर्फ घने जंगलों, ऊंचे पहाड़ों और अकूत खनिज संपदा तक ही सीमित नहीं है बल्कि यहां की धरती पर सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था और अनूठी परंपराएं आज भी जीवित हैं। आधुनिकता के इस दौर में जहां कई प्राचीन रीति-रिवाज धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं वहीं झारखंड के ग्रामीण अंचलों में आज भी ऐसी परंपराओं का पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ निर्वहन किया जा रहा है। इन्हीं अनूठी परंपराओं में एक है ‘पत्थर कुदवा’।

यह परंपरा चतरा, लातेहार, हजारीबाग समेत झारखंड के कई जिलों के ग्रामीण इलाकों में सदियों से चली आ रही है। पुराने समय में जब आवागमन के साधन सीमित थे और लोग लंबी दूरी की यात्रा पैदल तय करते थे, तब राहगीर अपनी यात्रा के सकुशल और मंगलमय होने की कामना के साथ रास्ते के किनारे पत्थर रखते थे। मान्यता थी कि किसी दूसरे गांव या अनजान स्थान की यात्रा पर निकलते समय वन देवी से सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की जाती है। यात्रा से सकुशल लौटने के बाद राहगीर उसी स्थान पर एक पत्थर अवश्य रखते थे। धीरे-धीरे इस परंपरा के कारण सड़क किनारे पत्थरों के बड़े-बड़े ढेर बन गए। आज भी पैदल चलने वाले राहगीर इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। चतरा जिले के सिमरिया, पत्थलगड़ा, गिद्धौर और टंडवा से लेकर लातेहार जिले के बालूमाथ समेत कई इलाकों में ऐसे पत्थरों के ढेर देखने को मिलते हैं। खास बात यह है कि अब चारपहिया और अन्य वाहनों से गुजरने वाले लोग भी इन स्थानों को देखकर श्रद्धा से शीश नवाते हैं। ग्रामीणों के बीच इन पत्थरों के ढेर का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। कई स्थानों पर इन पत्थरों को हटाने के बजाय उनके बगल से रास्ता बना दिया गया ताकि आस्था के इन प्रतीकों को सुरक्षित रखा जा सके। झारखंड के कई इलाकों में इन पत्थरों के ढेर के कारण स्थानों और गांवों का नामकरण भी हुआ है। रांची शहर में भी एक स्थान पत्थर कुदवा के नाम से जाना जाता है। कोडरमा समेत अन्य जिलों में भी इस परंपरा से जुड़े नाम और स्थल देखने को मिलते हैं।
चर्चित लेखक एवं मेगालिथ शोधकर्ता सुभाषित दास का मानना है कि पत्थर रखने की यह परंपरा झारखंड में सदियों से चली आ रही है। राहगीरों द्वारा लगातार पत्थर रखने से धीरे-धीरे एक बड़ा माउंड यानी पत्थरों का टीला बन जाता है। इन स्थानों को लेकर ग्रामीणों में विशेष आस्था रहती है। यही कारण है कि पत्थरों के इन ढेरों को हटाने के बजाय संरक्षित रखा जाता है। उनके अनुसार, यह परंपरा झारखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आचार्य चेतन पांडेय बताते हैं कि आज भी झारखंड के अनेक स्थानों पर ऐसे पत्थरों के ढेर दिखाई देते हैं। लोग वहां पत्थर चढ़ाकर शीश नवाते हैं। कई जगहों पर दो गांवों के सीमांकन के लिए भी ऐसे पत्थरों का इस्तेमाल किया जाता था। गांव की सीमा पर रखे गए पत्थर धीरे-धीरे बड़े ढेर का रूप ले लेते हैं। ग्रामीणों के बीच इन स्थानों का महत्व किसी तीर्थस्थल से कम नहीं होता। कोई इन्हें वन देवी की कृपा से जोड़ता है तो कोई ग्राम देवता के प्रति अपनी श्रद्धा का प्रतीक मानता है। ‘पत्थर कुदवा’ केवल पत्थर रखने का सामान्य चलन नहीं बल्कि यह झारखंड के जनजीवन, लोकविश्वास, धार्मिक आस्था और सामुदायिक स्मृतियों से जुड़ी सदियों पुरानी परंपरा है। बदलते दौर में भी इसका जीवित रहना इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की सांस्कृतिक जड़ें आज भी गांवों की मिट्टी में गहराई तक समाई हुई हैं।



