संताल एक्सप्रेस

हिरणपुर (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के रानीपुर स्थित कैनाल के समीप गुरुवार सुबह धान लोड करने जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक इमराज शेख को तत्काल सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।मृतकों की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव निवासी 26 वर्षीय चरण मरांडी और 25 वर्षीय विभीषण मरांडी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के घरों में कोहराम मच गया। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, हालांकि वाहन के अनियंत्रित होने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। चालक की भूमिका और दुर्घटना की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर वाहन परिचालन में सावधानी और सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर किया है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





