संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट /साहिबगंज- फरक्का एनटीपीसी रेलवे ट्रैक पर बुधवार को एक महिला की मौत का मामला सामने आया है. इरकोन के निकट पोल संख्या 33/6 के पास दोपहर लगभग 12:15 बजे महिला का शव बरामद किया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की मौत मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई है.मृत महिला की पहचान 52 वर्षीय कौशल्या देवी पति स्वर्गीय भुटका साह के रूप में उनके परिजनों ने की. घटना की जानकारी मिलते ही बरहेट थाना के सहायक अवर निरीक्षक मनसा हजम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया.
घटना को लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. महिला रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई. इसकी जांच की जा रही है. पुलिस की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेजने की प्रक्रिया अपनाएं जाने की संभावना है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.






