संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज – विधानसभा में एसआईआर और घुसपैठ के मुद्दे पर राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विपक्ष पर निशाना साधा.उन्होंने कहा कि बांग्ला भाषी लोगों को घुसपैठिया कहना बंद किया जाना चाहिए. भाषा या रिश्तेदारी के आधार पर किसी को घुसपैठिया करार देना उचित नहीं है.उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि घुसपैठ के मुद्दे में ही आप लोग बुरी तरह हार गये और सदन के उस पार बैठे हैं.विधायक ने ग्रेटर बंगाल के इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि पुराने समय में बिहार, बंगाल और ओडिशा की प्रशासनिक व्यवस्था जुड़ी हुई थी. उस दौरान कई दस्तावेज बांग्ला भाषा में तैयार हुए थे.झारखंड गठन से पहले उधवा क्षेत्र के लोगों की जमीन के दस्तावेज मालदा जिले के कालियाचक सहित बंगाल के निबंधन कार्यालयों में बने थे. इसलिए पुराने दस्तावेजों को आज की प्रशासनिक सीमा के आधार पर खारिज नहीं किया जाना चाहिए.
उन्होंने एसआईआर में पात्र मतदाताओं के नाम कटने पर भी चिंता जतायी. कहा कि पुराने दस्तावेजों में नाम और वर्तनी की मामूली त्रुटियों के कारण लोगों को परेशान करना उचित नहीं है. गंगा कटाव से विस्थापित परिवारों के पास जमीन के कागजात नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक दस्तावेजों और स्थानीय सत्यापन से उनकी पात्रता सुनिश्चित की जानी चाहिए. विधायक मो ताजुद्दीन ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया में अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाये.एसआईआर में पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने पर विधायक मो. ताजुद्दीन ने जताई चिंता.

विधानसभा में उठाया उधवा और अंबेडकर नगर का मामला, पुराने दस्तावेजों के आधार पर नाम हटाने पर उठाये सवाल
झारखंड विधानसभा में सत्र के दौरान विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण का मुद्दा उठाते हुए राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये जाने की आशंका पर गंभीर चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण जरूरी है. लेकिन इस प्रक्रिया में वर्षों से मतदान करते आ रहे वास्तविक और पात्र नागरिकों को परेशान करना उचित नहीं है. मामूली त्रुटियों और पुराने दस्तावेजों में नाम की वर्तनी में अंतर के कारण किसी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.विधायक ने सदन में कहा कि एसआईआर के दौरान पुराने रिकॉर्ड से नामों का मिलान करना बड़ी चुनौती बन गया है.कई मामलों में नाम, पिता-माता के नाम, उम्र और वर्तनी में मामूली अंतर मिलने पर मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि पुराने समय में दस्तावेज तैयार करने की व्यवस्था आज की तरह व्यवस्थित नहीं थी.यही वजह है कि कई परिवारों के पुराने अभिलेखों में उनके पूर्वजों के नाम की वर्तनी अलग-अलग दर्ज है. ऐसे में पुराने रिकॉर्ड की त्रुटियों की सजा वर्तमान पीढ़ी को देना उचित नहीं है.
बंगाल के पुराने दस्तावेजों का भी उठाया मामला
विधायक ने उधवा प्रखंड के कई लोगों के पुराने भू-अभिलेख और निबंधित दस्तावेजों का मामला भी उठाया.उन्होंने बताया कि झारखंड गठन से पहले इस क्षेत्र के कई भू-अभिलेख और जमीन से संबंधित दस्तावेज पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक सहित अन्य निबंधन कार्यालयों में दर्ज हुए थे. गंगा तटीय क्षेत्र की तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था के कारण ऐसा हुआ था.उन्होंने कहा कि राज्य की सीमाएं बदलने से उस समय कानूनी रूप से तैयार किये गये दस्तावेज अवैध नहीं हो जाते. इसलिए ऐसे दस्तावेजों का सत्यापन तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर किया जाना चाहिए.
अंबेडकर नगर के मतदाताओं का नाम हटाने पर जतायी नाराजगी
राजमहल प्रखंड के अंबेडकर नगर का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि वहां वर्षों से निवास कर रहे और लगातार मतदान करते आ रहे कई लोगों के नाम एसआईआर प्रक्रिया में हटाये जाने की शिकायतें सामने आयी हैं. इनमें ऐसे लोग भी शामिल हैं. जिनके पास जमीन या आवास से संबंधित भू-अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं. उन्होंने कहा कि केवल जमीन का दस्तावेज नहीं होने के आधार पर किसी व्यक्ति की मतदाता पात्रता पर सवाल उठाना उचित नहीं है.पूर्व की मतदाता सूची, वोटर आइडी, राशन कार्ड, आधार कार्ड और निवास प्रमाण सहित अन्य स्वीकार्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी पात्रता की दोबारा जांच कर नाम जोड़ने की मांग की.
उधवा अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी उठाये सवाल
विधायक ने उधवा अंचल कार्यालय में प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर लोगों को बार-बार चक्कर लगवाने और अंचल अधिकारी के स्तर पर मनमानी की शिकायतों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए.
विशेष सहायता केंद्र बनाने की मांग
विधायक ने मांग की कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए. नाम या पूर्वजों के नाम की वर्तनी में मामूली अंतर को नाम हटाने का आधार नहीं बनाया जाए. पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक साक्ष्य और स्थानीय सत्यापन की व्यवस्था हो. साथ ही बुजुर्ग, महिलाओं, गरीब और अशिक्षित मतदाताओं की सहायता के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किये जाएं.अपने संबोधन के अंत में विधायक ने एसआईआर प्रक्रिया के उद्देश्य और परिणामों पर भी सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि इस प्रक्रिया के बाद आखिर कितने घुसपैठियों की पहचान हुई है? उन्होंने आरोप लगाया कि एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है. साथ ही एक-एक विधानसभा क्षेत्र से 50 से 55 हजार तक मतदाताओं के नाम काटे जाने की बात कही जा रही है. उन्होंने सरकार से मांग किया कि एसआईआर की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से पूरी की जाए. ताकि कोई भी वास्तविक मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो.





