सरैयाहाट। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के मंडलडीह गांव में मंगलवार की रात एक नवविवाहित युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 20 वर्षीय सुमित पंडित के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुमित की शादी महज छह माह पहले हुई थी। उसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात सुमित ने घर के अंदर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।

काफी देर बाद जब परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली तो इसकी सूचना सरैयाहाट पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। बुधवार की सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक के इस आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।





