संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा – झारखंड के 26वें स्थापना वर्षगांठ समारोह-2026 के अवसर पर पाकुड़ के पूर्व विधायक एवं एआईएमआईएम पार्टी के संताल परगना प्रभारी अकिल अख्तर को उनके सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों सम्मान प्राप्त कर उन्होंने न केवल पाकुड़ बल्कि पूरे संताल परगना क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है.स्थापना दिवस समारोह के दौरान मिले इस सम्मान को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. अकिल अख्तर को यह सम्मान समाज के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका, राजनीतिक क्षेत्र में उनके योगदान तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने के लिए प्रदान किया गया. उनके सम्मानित होने की खबर से समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है.

सम्मान प्राप्त करने के बाद अकिल अख्तर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है.बल्कि पाकुड़ की जनता और पूरे संताल परगना के लोगों का सम्मान है. उन्होंने कहा कि जनता के स्नेह, विश्वास और सहयोग की बदौलत ही उन्हें समाज और जनसेवा के क्षेत्र में काम करने की प्रेरणा मिलती रही है.उन्होंने इस सम्मान के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया. साथ ही कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी जनहित, सामाजिक उत्थान और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा.अकिल अख्तर को मिले इस सम्मान को उनके समर्थकों ने पाकुड़ और संताल परगना के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया. लोगों का कहना है कि राज्य स्तर पर क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि को सम्मान मिलना पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है.





