जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मंगलवार को मोहनपुर मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रक और चांदनी यात्री बस की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में आठ यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और पिकअप वाहन से सीएचसी नारायणपुर पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, बस धनबाद से 50 से अधिक यात्रियों को लेकर दुमका जा रही थी। इसी दौरान जामताड़ा से नारायणपुर की ओर जा रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। घायलों में बिनोद दास (65), करोना देवी (56), दिवाकर भंडारी (66), बंशीका कुमारी (3), अंकुश कुमार (37), मुमताज अंसारी (18) और मरियम मुर्मू (30) शामिल हैं। चिकित्सक डॉ. अर्नब स्वरूप ने प्राथमिक उपचार किया। दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धनबाद पीएमसीएच रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





