दोहा । भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान ए के खिलाफ मिली हार का कारण बताया है। तिलक ने कहा कि इस हार का मुख्य कारण शाहबाज अहमद का आउट होना रहा।
पाकिस्तान ए के खिलाफ 314 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बिल्कुल अच्छी नहीं रही थी। वैभव सूर्यवंशी और आयुष बडोनी शुरुआत में ही आउट हो गये। अभिषेक शर्मा ने 70 रन की आक्रामक पारी खेली पर उनके आउट होते ही रन गति धीमी हो गयी जिससे अन्य बल्लेबाजों पर दबाव बन गया। जिससे टीम ने 129 रन तक ही अपने छह विकेट खो दिये। ऐसे मुश्किल समय में तिलक ने शाहबाज अहमद के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने भारत को एक बार फिर जीत की राह पर लौट गयी। तिलक ने बताया कि अभिषेक की अच्छी शुरुआत के बाद शाहबाज के साथ उनकी यह साझेदारी कठिन हालातों में टीम के लिए अहम साबित हुई। दोनों ने सूझबूझ से रन बनाये और मुकाबले को अंतिम ओवरों तक ले जाने का प्रयास किया हालांकि तभी शाहबाज आउट हो गये। तिलक ने कहा कि अगर शाहबाज दो ओवर और क्रीज पर टिक जाते तो मुकाबले का परिणाम कुछ और हो सकता था, उन्हें पूरा भरोसा था कि शाहबाज का साथ मिलने पर वह टीम को जीत तक पहुंचा सकते थे।
तिलक ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को भी उनकी जीत का श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि दूसरी पारी में शुरुआती 10 ओवर के दौरान पिच से गेंदबाजों को अच्छी स्विंग मिल रही थी। पाकिस्तान के दोनों तेज गेंदबाजों ने सही लाइन और लेंथ पर लगातार गेंदबाजी की, जिससे भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी परेशानी हुई। तिलक ने यह भी माना कि इस दौरान लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और रन रेट पर भी असर पड़ा। उन्होंने कहा, अगर बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाने से बचते तो मुकाबला 47वें या 48वें ओवर में ही खत्म किया जा सकता था, क्योंकि हमारी साझेदारी मजबूत हो चुकी थी।
तिलक वर्मा ने इस मुकाबले में 149 गेंदों पर 100 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें एक छक्का और सात चौके शामिल थे। मुश्किल परिस्थितियों में उन्होंने एक छोर संभाले रखा और आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए।






