◆एनसीटीई की पूर्वी क्षेत्रीय समिति की बैठक में हुआ निर्णय
◆असमंजस की स्थिति समाप्त,100 सीटों पर बीएड कोर्स की जारी रहेगी मान्यता
विशेष संवाददाता
दुमका । एसपी कॉलेज,दुमका को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) से बड़ी राहत मिली है। एनसीटीई की पूर्वी क्षेत्रीय समिति ने कॉलेज के बीएड पाठ्यक्रम की मान्यता बहाल करने का आदेश जारी किया है। 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित एनसीटीई की पूर्वी क्षेत्रीय समिति की 413वीं बैठक में एसपी कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रस्तुत जवाब और संबंधित दस्तावेजों पर पुनर्विचार के बाद समिति ने बीएड कोर्स की मान्यता बहाल रखने का निर्णय लिया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संताल परगना कॉलेज में 100 सीटों (50-50 विद्यार्थियों की दो बेसिक यूनिट) के साथ बीएड पाठ्यक्रम की मान्यता बहाल की जाती है।इस आदेश से संताल परगना कॉलेज में बीएड पाठ्यक्रम के संचालन को लेकर बनी असमंजस और अनिश्चितता की स्थिति समाप्त हो गई है।
एनसीटीई के क्षेत्रीय निदेशक मुकेश कुमार के हस्ताक्षर से 4 नवंबर 2026 को आदेश जारी होने की पुष्टि एसकेएमयू के रजिस्ट्रार डॉ. अब्दुस सत्तार ने की है।एनसीटीई के आदेश के अनुसार, संताल परगना कॉलेज को शैक्षणिक सत्र 2005-06 से एक वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम के लिए 100 सीटों के साथ मान्यता प्रदान की गई थी। बाद में 7 अगस्त 2015 को मान्यता बहाल करते हुए 100 सीटों पर दो बेसिक यूनिट (प्रत्येक में 50 विद्यार्थी) के आधार पर बीएड संचालन की अनुमति दी गई थी।पर जून 2026 में कतिपय कमियों के आधार पर एनसीटीई ने मान्यता वापस ले लिया था।इस कारण एसपी कॉलेज से लेकर यूनिवर्सिटी तक छात्र संगठनों ने बवाल खड़ा कर दिया था।
—
वापस ले ली गई थी मान्यता,कॉलेज प्रबंधन की अपील पर हुआ पुर्नविचार

विशेष संवाददाता
दुमका । एनसीटीई की पूर्वी क्षेत्रीय समिति ने 10-11 जून 2026 को आयोजित अपनी 398 वीं बैठक में एसपी कॉलेज दुमका की बीएड की मान्यता वापस लेने का निर्णय लिया था।कॉलेज प्रबंधन द्वारा शिक्षकों का निर्धारित प्रारूप में विवरण उपलब्ध नहीं कराने और प्राचार्य और अन्य शिक्षकों के एनसीटीई के निर्धारित मानकों के अनुरूप योग्य नहीं होने के आधार पर यह निर्णय लिया गया था।बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में 18 जून 2026 को मान्यता वापसी का आदेश जारी किया गया था। कॉलेज प्रबंधन ने इस आदेश के विरुद्ध एनसीटीई के अपीलीय प्राधिकार के समक्ष अपील दायर की। अपीलीय प्राधिकार ने 15 सितंबर 2026 को मान्यता वापसी के आदेश को निरस्त करते हुए मामले को नए सिरे से विचार और पुनरीक्षण के लिए पूर्वी क्षेत्रीय समिति को वापस भेज दिया था।
इसके बाद पूर्वी क्षेत्रीय समिति ने 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित 410वीं बैठक में शिक्षकों की नियुक्ति से संबंधित विज्ञापन और नवनियुक्त शिक्षकों के योगदान प्रतिवेदन जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता जताई। समिति ने मान्यता वापस लेने से पहले संस्थान को अपना पक्ष रखने के लिए दोबारा कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया। इसके तहत 6 अक्टूबर 2026 को नोटिस जारी किया गया। कॉलेज प्रबंधन ने 7 अक्टूबर को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना जवाब प्रस्तुत किया था।28 अक्टूबर 2026 को हुई एनसीटीई की पूर्वी क्षेत्रीय समिति की 413वीं बैठक में पुनर्विचार के बाद कॉलेज की बीएड की मान्यता बहाल रखने का निर्णय लिया।





