पश्चिमी सिंहभूम । जिला क्रिकेट संघ ने सत्र 2026-27 के लिए जिला अंडर-14 क्रिकेट टीम के गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। रविवार को चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद 30 खिलाड़ियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
तीन सदस्यीय जूनियर चयन समिति की अध्यक्षता सज्जन शर्मा ने की।

चयन के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन करने की क्षमता को देखा गया। ट्रायल के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों में बैभव सेनगुप्ता, हर्ष सिंह, अथर्व चंद्रा, नमन साहू, पार्थजीत घुसिंघा, अयांश सिन्हा, अक्षत अग्रवाल, युवराज सिंह, अभिनव गुप्ता, शुभदीप डे, आयुष कुमार सिन्हा, प्रतीक अवस्थी, अनीश सिन्हा, अमन महतो, मो. कैफ, श्रेयांश गोस्वामी, अजमत इरफान, हमीद हसन, आयुष्मान रंजन, समर्थ कुमार, वरुण पूर्ति, दिग्विजय पॉल, इजान खान, अर्णव मजूमदार, रोनित रॉय, दिवेश टुबिड, दिव्यम सोनार, मो. अशद अंसारी, अनमोल कुमार और अयान रजा शामिल हैं।
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि शॉर्टलिस्ट किए गए सभी खिलाड़ियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। खिलाड़ियों के दस्तावेज झारखंड राज्य क्रिकेट संघ को भेजे जाएंगे, जहां उम्र और अन्य जरूरी प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी। सत्यापन में दस्तावेज सही पाए जाने वाले खिलाड़ियों को ही आगे के चयन चरण में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सेलेक्शन ट्रायल मैच में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 15 सदस्यीय अंतिम जिला टीम का गठन किया जाएगा।
चयनित टीम अगले माह झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंतर जिला अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम का प्रतिनिधित्व करेगी।





