नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर अपने 19 साल के सफर को विराम दे दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की ओर से मेंटॉर बनाए जाने की घोषणा के बाद धोनी ने सोशल मीडिया पर अपनी पहली भावुक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने अपने क्रिकेट करियर के यादगार पलों का वीडियो शेयर किया, जिसके बैकग्राउंड में दिवंगत गायक मुकेश का मशहूर गीत मैं हर इक पल का शायर हूं सुनाई दे रहा है।
धोनी ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया। इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर गाना नहीं हो सकता था। शायद इस गाने के दो वर्जन इसलिए बनाए गए, ताकि मैं गलती कर सकूं और फिर उसे स्वीकार कर सकूं।
धोनी की इस पोस्ट को उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहते समय भी साहिर लुधियानवी के लिखे गीत मैं पल दो पल का शायर हूं का इस्तेमाल किया था। इस बार उन्होंने इसी गीत के दूसरे संस्करण के जरिए आईपीएल से विदाई का संदेश दिया।
दरअसल, मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने घोषणा की कि धोनी अब टीम में खिलाड़ी के बजाय मेंटॉर की भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही आईपीएल में उनके खिलाड़ी के रूप में खेलने का सफर समाप्त हो गया।
धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया और दो बार चैंपियंस लीग टी-20 का खिताब दिलाया। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने भावुक प्रतिक्रियाएं दीं।






