स्वीप-इन एफडी सुविधा से पाएं अतिरिक्त पैसों पर ज्यादा रिटर्न
नई दिल्ली । क्या आपके सेविंग अकाउंट में अक्सर कुछ अतिरिक्त पैसे निष्क्रिय पड़े रहते हैं और आप उन पर मिलने वाले कम ब्याज से नाखुश हैं? यदि हां, तो बैंक की स्वीप-इन फिक्स्ड डिपॉजिट सुविधा आपके लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। यह एक ऐसी कमाल की स्कीम है जो आपके बचत खाते में पड़े अधिशेष राशि पर सावधि जमा (एफडी) के समान आकर्षक ब्याज दर प्रदान करती है, और साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पैसे निकालने की लचीली सुविधा भी बनाए रखती है। यह सेविंग अकाउंट और फिक्स्ड डिपॉजिट की बेहतरीन विशेषताओं को एक साथ जोड़ती है।
स्वीप-इन एफडी मूलतः आपके सेविंग अकाउंट और एक लिंक की हुई फिक्स्ड डिपॉजिट का एक हाइब्रिड मॉडल है। इसमें बैंक आपके बचत खाते के साथ एक एफडी को जोड़ देता है। इस सुविधा की नींव थ्रेशहोल्ड लिमिट पर टिकी है। यह वह न्यूनतम राशि होती है जिसे बैंक आपके बचत खाते में बनाए रखने के लिए तय करता है। जैसे ही आपके सेविंग अकाउंट का बैलेंस इस तय सीमा से अधिक होता है, अतिरिक्त रकम अपने आप एक फिक्स्ड डिपॉजिट में ट्रांसफर हो जाती है। सबसे खास बात यह है कि यह प्रक्रिया स्वतः होती है, जिससे आपको मैन्युअल रूप से एफडी बनाने की जरुरत नहीं पड़ती।
उदाहरण के तौर पर यदि आपके खाते की थ्रेशहोल्ड लिमिट 25,000 रुपए है और आपके सेविंग अकाउंट में 50,000 रुपए जमा होते हैं, तो अतिरिक्त 25,000 रुपए स्वतः ही एफडी में बदल जाएंगे। अगर भविष्य में आपको 30,000 रुपए की जरुरत है और आपके सेविंग अकाउंट में केवल 20,000 रुपए हैं, तो बाकी 10,000 रुपए सीधे आपकी लिंक एफडी से वापस सेविंग अकाउंट में आ जाएंगे। इस तरह आपके पैसों पर ज्यादा ब्याज भी मिलता है और वे जरूरत पड़ने पर आसानी से उपलब्ध भी रहते हैं। इस सुविधा का सबसे बड़ा आकर्षण अतिरिक्त पैसों पर मिलने वाली ऊंची ब्याज दर है। जहां सामान्य सेविंग अकाउंट पर आमतौर पर 2.5 फीसदी से 3फीसदी तक का ब्याज मिलता है, वहीं स्वीप-इन एफडी के तहत एफडी में ट्रांसफर हुई रकम पर आपको 6.5फीसदी या उससे भी अधिक ब्याज मिल सकता है। आपके अतिरिक्त पैसे पर बिना किसी मैन्युअल हस्तक्षेप के एफडी की उच्च दर से कमाई हो रही है। यह उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो अपने बचत खाते में पड़े पैसों को निष्क्रिय नहीं रखना चाहते।
यह स्कीम विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद है जिनके बचत खाते में अक्सर कुछ अतिरिक्त पैसे पड़े रहते हैं, जैसे कि नौकरीपेशा व्यक्ति या नियमित बचत करने वाले लोग। वे अपने दैनिक खर्चों और आपात स्थितियों के लिए खाते में पर्याप्त पैसा रख सकते हैं और बाकी बचे हुए पैसों पर एफडी का ज्यादा ब्याज कमा सकते हैं। हालांकि, यदि आपके खाते में हमेशा कम बैलेंस रहता है या आप बार-बार बड़ी रकम निकालते हैं, तो इस सुविधा का लाभ शायद उतना प्रभावी न हो। इसलिए अपनी वित्तीय आदतों के अनुरूप ही इस स्कीम का चयन करें और अपने बैंक से सभी शर्तों की तुलना जरुर करें।






