मुंबई । सिने अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी एक बार फिर मिली है। गुरुवार सुबह भेजे गए धमकी भरे ईमेल में मुंबई के कई अन्य स्थानों और बैंकों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। पिछले 20 दिनों में जलसा को धमकी मिलने का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है।
एक अधिकारी के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है, कि ईमेल सुबह 10:52 बजे भेजा गया। ईमेल के विषय में मुंबई स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा में दोपहर 1:11 बजे बम विस्फोट किए जाने की धमकी दी गई थी। संदेश में 27 नवंबर और 31 दिसंबर समेत कई तारीखों का भी उल्लेख किया गया।
ईमेल में मुंबई के कई बैंकों को बम से उड़ाने की धमकी के साथ खालिस्तान और कथित संगठन खालिस्तान नेशनल आर्मी का भी जिक्र किया गया है। ईमेल पीएनबी के मुंबई जोनल कार्यालय, कफ परेड स्थित लोकल क्राइम ब्रांच और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार स्थित शाखा को भी भेजा गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ईमेल में दी गई धमकियों की विश्वसनीयता और इसे भेजने वाले व्यक्ति की वास्तविक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां ईमेल के स्रोत और उसमें किए गए दावों की पड़ताल कर रही हैं।




