मिहिजाम। ठंड का मौसम शुरू होते ही मिहिजाम में चोरों ने दस्तक दे दी है। कांगोई स्थित विश्वकर्मा मंदिर मोड़ के समीप मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक किराना एवं गिफ्ट दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान की छत का एस्बेस्टस तोड़कर अंदर घुसे और कैश काउंटर में रखे करीब 16 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। दुकान संचालक दिनेश गुप्ता मंगलवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो छत का एस्बेस्टस टूटा मिला। अंदर जांच करने पर नकदी गायब पाई गई। इसके बाद उन्होंने मिहिजाम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

दुकानदार ने पुलिस से डॉग स्क्वैड की सहायता लेकर जांच कराने तथा रात में गश्ती तेज करने की मांग की है। उनका कहना है कि सर्दियों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता जरूरी है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि शिकायत मिली है। प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



