पिंपरी-चिंचवड़ बना महाराष्ट्र का सबसे प्रदूषित शहर

एक्यूआई 303 पर पहुंचा, पुणे में 294 और मुंबई में 172 दर्ज
मुंबई । दिवाली के दौरान देशभर में की गई आतिशबाजी का असर अब हवा की गुणवत्ता पर साफ दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषण के कारण मुंबई समेत देश के कई शहरों की हवा बेहद खराब हो गई है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) की वैश्विक रैंकिंग में सोमवार को दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 93 भारतीय शहर शामिल रहे। इनमें अधिकांश शहरों की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है। खासकर महाराष्ट्र में प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। रविवार को 217 औसत एक्यूआई के साथ नागपुर राज्य का सबसे प्रदूषित शहर रहा। हालांकि, सोमवार को पिंपरी-चिंचवड़ ने यह स्थान हासिल कर लिया। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 303 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इसके बाद पुणे में 294 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, मुंबई का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 172 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। हालांकि, मुंबई के कई उपनगरों में एक्यूआई 200 से 250 के बीच दर्ज किया गया।
– पुणे में धुंध की चादर, सांस लेना हुआ मुश्किल
दिवाली के दौरान पुणे की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। शहर के कई इलाकों में धुएं और धूल के कारण धुंध जैसा वातावरण दिखाई दिया। सुबह और शाम के समय वातावरण में धुएं की परत साफ नजर आई। इसका असर आम नागरिकों की सेहत पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
– पिंपरी-चिंचवड़ में प्रदूषण सबसे ज्यादा
महाराष्ट्र में पिंपरी-चिंचवड़ सबसे अधिक प्रदूषित शहर बनकर सामने आया है। यहां एक्यूआई 303 दर्ज किया गया। यह स्तर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों की तुलना में लगभग तीन गुना खराब हवा की स्थिति को दर्शाता है। शहर में पटाखों से निकलने वाले धुएं के साथ अन्य प्रदूषणकारी तत्वों ने भी हवा की गुणवत्ता को प्रभावित किया है। दिवाली के दौरान बढ़े प्रदूषण ने एक बार फिर पटाखों के इस्तेमाल और वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, खराब हवा का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है। ऐसे में नागरिकों को प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से धुएं वाले वातावरण में जाने से बचने की जरूरत है।



