जरमुंडी। दीपोत्सव के मौके पर अपने घरों को रोशन करने से पहले श्रद्धालुओं ने पहले बाबा बासुकीनाथ मंदिर में दीये जलाये। दीपावली पर फौजदारी दरबार को घी के दीयों से आलोकित करने के बाद भोलेनाथ के भक्तों ने अपने घरों में दीपावली के दिये रौशन किए। रविवार को दीपावली पर फौजदारी बाबा के दरबार में दीपदान को लेकर श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही। भक्तों ने दीपावली पर सबसे पहले बासुकीनाथ मंदिर में दीपदान कर श्रद्धा का दीप जलाया।

इसके पश्चात अपने अपने घरों में लक्ष्मी पूजन कर दीपावली मनाई। कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी और अमावस्या के प्रदोष काल में दीपोत्सव के मौके पर बीते रविवार को शाम ढलते ही नागरिकों ने स्नानादि से निवृत होकर जल्दी जल्दी बासुकीनाथ मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ की पूजा अर्चना की और फौजदारी दरबार में घी के दीपक जलाये। कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी ततपश्चात अमावस्या के निशिथ पालन और पुण्यकाल को लेकर श्रद्धालुओं ने अभीष्ट कामनाओं के लिए भोलेनाथ और माता पार्वती सहित माता काली आदि दसमहाविद्या यथा काली,तारा,षोडशी,भुवनेश्वरी, छिन्नमस्तिका, बगला, त्रिपुर सुन्दरी,धूमावती, मातंगी और भगवती कमला की पूजा अर्चना की। दीपावली पर बाबा बासुकीनाथ मंदिर और अन्य विभिन्न मंदिरों के द्वारों पर केले का स्तंभ लगाकर सुंदर स्वरूप दिया गया था। दीपावली के उपलक्ष्य पर बाबा बासुकीनाथ मंदिर देव की जगमगाहट से भव्य हो उठा था।



