भूविज्ञान में योगेंद्र कुमार और राजनीति विज्ञान में सुनिधि कुमारी ने किया विश्वविद्यालय टॉप
संताल एक्सप्रेस

साहिबगंज- सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के दसवें दीक्षांत समारोह में साहिबगंज महाविद्यालय साहिबगंज के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है. इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है.प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्र 2024-26 के स्नातकोत्तर (पीजी) भूविज्ञान विभाग के विद्यार्थी योगेंद्र कुमार ने भूविज्ञान विषय में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया. वहीं स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग की छात्रा सुनिधि कुमारी ने भी अपने विषय में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है.
दोनों विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है. विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी.प्राचार्य ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है. विश्वविद्यालय स्तर पर दो अलग-अलग विषयों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि साहिबगंज महाविद्यालय के विद्यार्थी सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी प्रकार शिक्षा, शोध और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देते रहें.उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ संबंधित विभागों के शिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर सहयोग और महाविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को भी दिया.दो विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से साहिबगंज महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों में खुशी की लहर है. महाविद्यालय परिवार ने दोनों टॉपर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामना की है.



