पार्टी विरोधी गतिविधियों से संबंधित दस्तावेज और सीडी प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सौंपे थे
पटना । बिहार के मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों को लेकर बिहार विधानसभा सचिवालय ने उन्हें नोटिस जारी किया है। इसमें सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ने रविवार को नोटिस प्राप्त कर लिया।
यह मामला जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की शिकायत के बाद शुरू हुआ। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को आवेदन देकर अनंत सिंह के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया था। शिकायत के समर्थन में उन्होंने अखबारों की कटिंग, एक सीडी और अन्य दस्तावेज भी सौंपे थे। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने मामले की जांच और आगे की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद विधानसभा सचिव संजय कुमार सिंह ने अनंत सिंह को नोटिस जारी किया।
अब विधायक को निर्धारित सात दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करना होगा। उनके जवाब और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, फिलहाल उनकी सदस्यता समाप्त करने का कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी नोटिस पर उनके जवाब का इंतजार है।


