हजारीबाग । झारखंड के हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र में अपहरण की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। साउथ तापिन सीसीएल परियोजना में कार्यरत एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भाष्कर कुमार (35) का शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उन्हें सकुशल बरामद कर लिया और वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से काले रंग की क्रेटा कार और दो स्कॉर्पियो से पहुंचकर मैनेजर को जबरन अपने वाहन में बैठाया और अगवा कर लिया।
अपहरण के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर वारदात में इस्तेमाल वाहनों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी शुरू की।
इस दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र से काले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच02एयू 4625) और चंदवारा थाना क्षेत्र से क्रेटा कार (जेएच02बीके 3586) बरामद की गई। पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र से अपहृत मैनेजर भाष्कर कुमार को सकुशल मुक्त करा लिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चौपारण थाना क्षेत्र के भटबिगहा निवासी राजेश यादव, इचाक थाना क्षेत्र के जमुआरी निवासी विक्की कुमार, दाढ़ीघाघर निवासी आनंद कुमार महतो, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ासी निवासी दिलीप प्रसाद महतो और इचाक थाना क्षेत्र के अलौंजा खुर्द निवासी मनीष कुमार शामिल हैं।
आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो, एक क्रेटा कार और एक पेन ड्राइव बरामद की गई है। मामले में चरही थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, आंगो थाना प्रभारी दीपक कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


