कोलकाता । काेलकाता महानगर में महाकरण (राइटर्स बिल्डिंग) के पीछे स्थित लायंस रेंज इलाके में रविवार देर रात एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। सूत्रों के अनुसार, आग पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत की चौथी मंजिल पर लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल की 10 गाड़ियों को रवाना किया गया। दमकल कर्मियों की कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि सोमवार सुबह भी घटनास्थल से धुआं उठता हुआ देखा गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में यह अग्निकांड हुआ, वह पूरी तरह से व्यावसायिक है और वहां कई कंपनियों के कार्यालय मौजूद हैं। इस वजह से कार्यालयों में रखे सामान और संपत्ति के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग किस वजह से लगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।


