संताल एक्सप्रेस संवाददाता
महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर थाना क्षेत्र स्थित तीन पत्थर क्रशर प्लांटों में हथियारबंद चोरों ने एक ही रात में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने चौकीदार को बंधक बनाकर ट्रांसफार्मर से तांबे के तार, वाहन की बैटरी, निगरानी कैमरे और अन्य विद्युत उपकरणों की चोरी कर ली। चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत दो से तीन लाख रुपये बताई जा रही है। घटना को लेकर महेशपुर (राधानगर ओपी) में कांड संख्या 181/26 के तहत 31 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नलहटी निवासी 67 वर्षीय मो. बदरुज्जमान ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बीती रात करीब 12:30 बजे तीन-चार अज्ञात व्यक्ति मुंह पर गमछा बांधकर क्रशर परिसर पहुंचे। उनके हाथों में तलवार, चाकू और डंडे थे। सभी आपस में बांग्ला और हिंदी में बातचीत कर रहे थे। आरोपितों ने बगल के वासुदेव बनर्जी क्रशर के चौकीदार प्रधान बेसरा को गार्ड कक्ष में बंद कर दिया। सुबह एक मजदूर ने दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला, जिसके बाद चौकीदार ने घटना की जानकारी दी।सूचना मिलने पर अपने बेटे मो. रफी के क्रशर एमएस डाटा स्टोन पहुंचे। वहां जांच करने पर पता चला कि चोरों ने ट्रांसफार्मर को नीचे उतारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें से तांबे के तार निकाल लिए। इसके अलावा विद्युत कक्ष से निगरानी कैमरों का यंत्र (डीवीआर), लगे हुए कैमरे और क्रशर परिसर में खड़े वाहन की तीन बैटरियां भी खोलकर ले गए।
चोरों ने इसके बाद बगल में स्थित एमएस कृष्णा स्टोन वर्क्स को भी निशाना बनाया। इसके मालिक असीम दास के क्रशर के विद्युत कक्ष में घुसकर सभी नियंत्रण पटलों में लगे तांबे के तार काटकर चोरी कर लिए। वहीं, एक दिन पहले करीब पांच वर्षों से बंद पड़े एमएस मधुसूदन रविदास क्रशर में भी इसी तरह चोरी की घटना हुई थी। वर्तमान में इस क्रशर की देखरेख संजीव मिश्रा कर रहे हैं। यहां से भी ट्रांसफार्मर के तांबे के तार और खड़े वाहन की तीन बैटरियां चोरी कर ली गईं।
पुलिस ने बदरुज्जमान के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

