गोड्डा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार रांची हेडक्वार्टर से नहीं गांव से चलने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको महसूस करने की आवश्यकता है कि विगत 20 सालों में क्या खोया और चार साल में क्या पाया, इसका आकलन आपको करना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिले के महागामा प्रखंड के उर्जा नगर राजेंद्र स्टेडियम में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनते ही सबसे बड़ी चुनौती कोरोना काल का आ गया, ऐसे हालात में देश के पिछड़े झारखंड राज्य में सरकार की सजगता व संवेदनशीलता के वजह से झारखंड राज्य से कोरोना कैसे आया और कैसे गया पता भी नहीं चला। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की जंग जीतने के लिए बहुत बड़ी कीमत मंत्री हाजी हुसैन अंसारी व मंत्रीजगन्नाथ महतो को खोकर चुकाना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग ने दिल्ली में बैठकर पूरे देश में लॉकडाउन लगा दिया। उस समय हवाई जहाज से घर तक मजदूरों को पहुंचाने का काम हेमंत सोरेन सरकार ने किया। जनता का काम करने पर हमारे पीछे विपक्ष षडयंत्र करने लगा। किसानों मजदूरों के लिए काम करने पर जेल में डाल दिया गया और सरकार को गिराने की तैयारी में लग गए। लेकिन आप लोगों के आशीर्वाद से बाल बांका नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे राज्य में सरकार आपके द्वार के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मैया सम्मान योजना के माध्यम से 50 लाख महिलाओं को सहयोग किया जा रहा है। आने वाले 5 साल में हर घर में एक लाख रुपया मदद पहुंचाने का काम किया जाएगा। ताकि किसी से महिलाओं को कर्ज लेना नहीं पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना चाहती है, गांव मजबूत होने पर ही राज्य मजबूत होगा, उन्होंने कहा कि आज वन अधिकार कानून पूंजीपतियों को लाभ दिलाने के लिए बदला जा रहा है।

कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम मेरे लिए विशेष है मुख्यमंत्री जी ने जो गौरव महागामा को दिया है उसके लिए दिल से आभार व्यक्त किया। कृषि मंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं जो पिछले पांच साल में मुख्यमंत्री जी के द्वारा लाभ दिया गया है इसका ही यह नतीजा है कि हमारी बहने, युवा, मजदूर, किसान उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े हैं, कृषि मंत्री ने कहा कि कई सरकार आई और गई लेकिन महिलाओं के बारे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार ने सोचा, बच्चियों को सावित्रीबाई फुले योजना से जोड़ने का काम किया गांव ग्रीन कार्ड महिलाओं के नाम से जारी करने का काम किया। श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समस्या के समाधान करने वाले फिजिशियन है, जब से झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनी है तब से गरीबों के कल्याण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चल रही है, झारखंड में जो मूलभूत समस्या थी, जंगल पहाड़ में जो लोग रहते थे जिन्होंने ब्लॉक कार्यालय तक नहीं देखा था उसके समस्या के समाधान को लेकर कार्य किया जा रहा है।
339 करोड़ 60 लाख से अधिक की योजनाओं का मिला गोड्डा एवं देवघर को सौगात
मुख्यमंत्री ने ” आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार ” कार्यक्रम में गोड्डा एवं देवघर जिले को कुल 339 करोड़ 60 लाख से अधिक की 147 योजनाओं का तोहफा दिया। इसमें गोड्डा जिला अंतर्गत 192 करोड़ रूपए की 29 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास शामिल है, जबकि देवघर जिला अंतर्गत 6 करोड़ 81 लाख से अधिक की 12 योजनाओं का उद्घाटन एवं 159 करोड़ 66 लाख से अधिक की 106 योजनाओं का शिलान्यास संपन्न हुआ। इस अवसर पर इन दोनों जिलों के हजारों लाभुकों के बीच करोड़ों रुपए की परिसंपत्तियां बांटी गई।
इस अवसर पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, संथाल परगना के प्रमंडलीय आयुक्त लालचंद डाडे, पुलिस महा निरीक्षक क्रांति कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव कुमार , जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा जिशान कमर , जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ,देवघर विशाल सागर, पुलिस अधीक्षक, गोड्डा अनिमेष नैथानी , उप विकास आयुक्त, गोड्डा स्मिता टोप्पो , अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा राजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा जेपीएन चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, गोड्डा कंचन कुमारी भुदोलिया, नजारत उप समाहर्ता श्रवण कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी गोड्डा मोनिका बास्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी गोड्डा मिथिला टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी आदि मौजूद थे।





