कोडरमा । नाबालिग छात्रा से कथित यौन शोषण के आरोप से जुड़े मामले में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को पुलिस ने शनिवार देर रात हिरासत में लिया। शिकायत मिलने के बाद एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित एक रेस्टोरेंट के पास से उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें तिलैया डैम ओपी ले जाया गया। बताया जा रहा है कि पीड़िता हजारीबाग जिले की रहने वाली है। उसने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में वह अपनी मां के साथ इलाज के सिलसिले में डॉ. अनिल कुमार के संपर्क में आई थी। इसके बाद की घटनाओं को लेकर कथित यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पीड़िता से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। जांच में शिकायत की विषयवस्तु, संबंधित घटनाक्रम और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। डॉ. अनिल कुमार का पक्ष भी सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।


