जामताड़ा। सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे मंगलवार दोपहर एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर चिरकुटोला स्थित तालाब के पास पहुंच गए। बताया जाता है कि तालाब के गहरे पानी में जाने के कारण तीनों डूबने लगे। बच्चों को पानी में डूबता देख ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया।
ग्रामीणों की मदद से तीनों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। मृतकों की पहचान आर्यन अंसारी (5), पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी (करीब 6), पिता तबारक अंसारी और अमर सोहेल (करीब 6), पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


