मिहिजाम। मिहिजाम थाना क्षेत्र के गोरायनाला स्थित चरका पहाड़ी मोड़ के समीप रविवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा भिड़ी। दुर्घटना में वाहन चालक घायल हो गया, जबकि जोरदार टक्कर के कारण बिजली का पोल टूटकर सड़क किनारे गिर पड़ा। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कार में करीब चार से पांच लोग सवार थे। वाहन तेज गति से गुजर रहा था। मोड़ के पास पहुंचते ही चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली का पोल धराशायी हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चालक की सहायता की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी मिहिजाम थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस कार में सवार अन्य लोगों की स्थिति की भी जानकारी ले रही है। ग्रामीणों ने मोड़ वाले इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के आवश्यक उपाय किए जाने की मांग की है।


