पूर्वी सिंहभूम । साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान रविवार देर रात डांस करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान चापड़ चलाए जाने से तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी बीच पुलिस बल और विसर्जन जुलूस में शामिल डीजे वाहन पर पथराव किए जाने की भी बात सामने आई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल और क्यूआरटी को मौके पर बुलाया। सोमवार को संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को शांति बनाए रखने का संदेश दिया गया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, काशीडीह में जुस्को स्कूल के समीप गणेश पूजा का आयोजन किया गया था।
रविवार रात प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। जुलूस में तेज आवाज वाला डीजे, रोशनी और पटाखों की व्यवस्था की गई थी। आयोजक और स्थानीय युवक डीजे की धुन पर नाचते हुए काशीडीह लाइन नंबर 13 के पास पहुंचे। इसी दौरान डांस करने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व अपराधी गौरव ने चापड़ निकालकर हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद जुलूस में भगदड़ की स्थिति बन गई। आसपास के दुकानदारों ने भी एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। सूचना मिलते ही साकची पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस गणेश प्रतिमा और डीजे वाहन को लेकर काशीडीह लाइन नंबर एक की ओर बढ़ी। इसी दौरान घायल युवकों के समर्थकों की ओर से कथित तौर पर पुलिस बल और डीजे वाहन पर पथराव किया गया। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ क्यूआरटी को तैनात किया गया। आसपास के थाना क्षेत्रों से भी पुलिस बल बुलाकर संवेदनशील स्थानों पर तैनाती की गई। सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि तनाव को देखते हुए काशीडीह के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल माहौल पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। पुलिस के अनुसार जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।


