दुमका। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस सिदो-कान्हू उच्च विद्यालय, दुमका में उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया. विद्यालय परिसर में कक्षा प्रथम से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. खेल मैदान में बच्चों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के चित्र पर विद्यालय के प्राचार्य देवप्रिय मुखर्जी, उप प्राचार्य राजेश झा, खेल शिक्षक रंजीत मिश्रा, मंतोष तिवारी समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इस दौरान उप प्राचार्य राजेश झा ने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष और हॉकी के क्षेत्र में उनके योगदान से अवगत कराया.
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर रस्साकशी, सेक रेस, तीन पैर दौड़, कबड्डी, खो-खो सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया. खास बात यह रही कि विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी खेल गतिविधियों में हिस्सा लेकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया.
प्रतियोगिता शुरू होने से पहले प्राचार्य देवप्रिय मुखर्जी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी लगन, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है. खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व, सहनशीलता और एकता की भावना भी विकसित करते हैं. पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है.
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया. प्रतियोगिताओं का संचालन खेल शिक्षक रंजीत मिश्रा और मंतोष तिवारी की देखरेख में हुआ. आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
कार्यक्रम विद्यालय के सचिव प्रदीप्त मुखर्जी एवं प्राचार्य देवप्रिय मुखर्जी के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ. मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


