तिलक नगर में 21 वर्षीय छात्रा और पार्ट-टाइम मॉडल की घर में हुई थी हत्या
नई दिल्ली । दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और पार्ट-टाइम मॉडल मुस्कान की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी इमरान का पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एनकाउंटर किया है। इस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मुस्कान की घर में हत्या के बाद से ही पुलिस आरोपी इमरान की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को उसके संभावित ठिकानों और आवाजाही से जुड़ी जानकारी मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की, जिसके दौरान आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। गोली लगने के बाद इमरान को अस्पताल ले जाया गया। जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि मुस्कान और इमरान एक-दूसरे को एक साल से अधिक समय से जानते थे। दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध भी थे। हालांकि पिछले कुछ महीनों में उनके रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा था। बताया जा रहा है कि मुस्कान इमरान से दूरी बनाना चाहती थी और उससे संबंध खत्म करना चाहती थी। सूत्रों के अनुसार इमरान लगातार रिश्ते को दोबारा ठीक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसे शक होने लगा कि मुस्कान किसी अन्य युवक के संपर्क में है। इस शक को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।
रेस्टोरेंट में हुई थी आखिरी मुलाकात
जांच में यह भी सामने आया, कि हत्या की वारदात से कुछ दिन पहले मुस्कान और इमरान की एक रेस्टोरेंट में मुलाकात हुई थी। वहां दोनों के बीच बातचीत हुई थी। पुलिस अब इस मुलाकात और उसके बाद दोनों के बीच हुई गतिविधियों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक इमरान को कथित तौर पर जानकारी मिली कि मुस्कान घर में अकेली है। इसके बाद वह उससे बातचीत और सामना करने के इरादे से उसके घर पहुंचा। आरोप है कि वहां दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान मुस्कान की हत्या कर दी गई।


