नई दिल्ली । हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने घोषणा की है कि वह 1 सितंबर, 2026 से अपने पूरे वाहन पोर्टफोलियो में कीमतों में 1 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। गाडियों की कीमतों में यह बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग होगी। कंपनी ने इस वृद्धि का कारण बढ़ती इनपुट और कमोडिटी लागत, बढ़ते परिचालन खर्च और जारी भू-राजनीतिक व व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं को बताया है। हुंडई ने कहा कि वह लगातार लागत को अनुकूलित करने और बढ़ती लागत के दबाव को खुद वहन करने का प्रयास कर रही है, ताकि ग्राहकों पर इसका प्रभाव कम से कम हो। हालांकि, लागत में लगातार हो रही वृद्धि के कारण बढ़े हुए खर्च का एक हिस्सा मामूली कीमत संशोधन के जरिए ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज में दाखिल की गई फाइलिंग में यह जानकारी दी।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कंपनी के मुनाफे पर दबाव बना हुआ है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में हुंडई मोटर इंडिया का समेकित कर के बाद मुनाफा (पीएटी) पिछले साल की समान तिमाही के 1,369.2 करोड़ रुपए की तुलना में तेजी से घटकर 888.6 करोड़ रुपए रह गया था। परिचालन से राजस्व भी सालाना आधार पर 0.5 प्रतिशत घटकर 16,334.6 करोड़ रुपए रह गया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


