एसआई ने भी दिया जवाब, पुलिस और लोगों ने दोनों को किया अलग, वीडियो वायरल
बेंगलुरु । कर्नाटक में विधायक की बेटी ने मंदिर में ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। हालांकि बदले में एसआई ने भी उसको सबक सिखाया और तमाचा मारा। दरअसल मामला कर्नाटक के मांड्या जिले के एक मंदिर का बताया जा रहा है, जहां 12 अगस्त को भीमा अमावस्या के दिन श्रीरंगपट्टनम के आरती उक्कडा मंदिर में हजारों भक्त दर्शनों के लिए आए थे। इसी दौरान तुमकुरु ग्रामीण विधायक बी सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या भी वहां दर्शन करने पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि एसीपी केसी गौतम की पत्नी और विधायक की बेटी ऐश्वर्या वीआईपी कतार में लगे बिना ही सीधे गर्भ गृह में जाना चाहती थीं। हालांकि ड्यूटी पर तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर सविता बी पाटिल ने उन्हें इंतजार करने को कहा। इस दौरान दोनों के बीच बहस हो गई और देखते ही देखते ऐश्वर्या आपा खो बैठी, उसने महिला एसआई को तमाचा जड़ दिया।
इतने पर महिला एसआई भी चुप नहीं बैठीं और उन्होंने जवाबी कार्रवाई में ऐश्वर्या को थप्पड़ मारा। इसके बाद वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी बीच बचाव करने आए और ऐश्वर्या और सविता को अलग-किया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले में पुलिस ने ऐश्वर्या के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिसकर्मी सविता ने क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि मंदिर में दर्शन के दौरान खुद को विधायक की बेटी बताते हुए ऐश्वर्या ने पूछा कि उन्हें क्यों रोका जा रहा है। इसमें बहस बढ़ती गई। आरोप है कि ऐश्वर्या ने सविता को गालियां दीं और थप्पड़ जड़ दिया और धमकी दी कि उनकी नौकरी खराब कर देंगी।
वायरल हो रहे इस सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दोनों के बीच तीखी बहस हो रही है। ऐश्वर्या फोन पर बात करने की कोशिश करती नजर आती हैं, फिर थप्पड़ मारती हैं। सविता भी जवाब में थप्पड़ मारती दिखती हैं। आसपास के लोग दोनों को अलग करते हैं। हालांकि विधायक सुरेश गौड़ा ने इस घटना पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी बच्चों के साथ गई थी और गर्भ गृह में जाने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने दावा किया कि एक अन्य अधिकारी को अंदर जाने दिया गया, लेकिन उनकी बेटी को रोका दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो अभी पूरा नहीं देखा, लेकिन अगर गलती हुई है तो माफी मांगता हूं, फिलहाल पुलिस दोनों शिकायतों की जांच कर रही है।


