जरमुंडी । राजकीय श्रावणी मेला में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी टीम ने सघन जांच अभियान चलाया।उपायुक्त के निर्देश पर विभागीय टीम द्वारा नागनाथ चौक, पानी टंकी रोड और रामपुर रोड स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच की और 11 खाद्य प्रतिष्ठानों में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) के माध्यम से पेड़ा, सोनपापड़ी व छोला के कुल 27 नमूनों की ऑन द स्पॉट जांच की गई। जांच में खाद्य पदार्थों को मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर 100 किलो पेड़ा, 4.5 किलो सोनपापड़ी और 5 किलो छोला को मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर संबंधित खाद्य कारोबारियों पर कुल 5 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बासुकीनाथ पानी टंकी-रामपुर रोड में इलायची दाना और पेड़ा निर्माण कारखाने का भी औचक निरीक्षण किया। जांच में पेड़ा निर्माण स्थल (कारखाना) का फूड लाइसेंस नहीं पाया गया। टीम ने कारोबारी पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। वहीं कारखाने में भंडारित कई पैकेटों में फफूंद लगा पेड़ा पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा टीम ने नमूना संग्रहित कर राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात संबंधित खाद्य कारोबारी पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। वहीं फफूंद लगे पेड़ा और उसके संपर्क में आए कुल 1764 किलो पेड़ा को अग्रेतर कार्रवाई के लिए विधिवत जब्त कर लिया गया है। सुरक्षा टीम ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बता दें कि राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और यहां से पेड़ा प्रसाद आदि खरीदकर साथ ले जाते हैं। इसको लेकर विभागीय टीम द्वारा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी की जा रही है। जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, अंजना रानी मिंज, जरमुंडी थाना पुलिस बल, एमएफटीएल के जूनियर एनालिस्ट शुभम कुमार और लैब अटेंडेंट सुधांश कुमार उपस्थित थे।
—-




