जहाज ओडिशा के बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर रवाना हुआ था
भुवनेश्वर । ओडिशा के पारादीप तट से करीब 444 किलोमीटर दूर बंगाल की खाड़ी में शनिवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हुआ, जहां पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज ‘ओसियन विनर’ समुद्र में डूब गया। जहाज पर 24 क्रू मेम्बर सवार थे। दुर्घटना के बाद भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 सदस्यों को सुरक्षित निकाला, जबकि शेष 22 सदस्य अभी भी लापता हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पनामा-ध्वज वाला यह मालवाहक जहाज ओडिशा के बंदरगाह से लौह अयस्क का भार लेकर सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। समुद्र में आगे बढ़ने के दौरान जहाज अचानक अनियंत्रित होकर डूबने लगा और कुछ ही देर में भारतीय तटरक्षक बल से इसका संपर्क टूट गया। जहाज के डूबने के सटीक तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है। जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें-20 चीनी, 3 म्यांमार, 1 बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक तटरक्षक बल के प्रवक्ता के मुताबिक हादसे की सूचना मिलते ही लापता चालक दल के सदस्यों की तलाश के लिए श्री विजयपुरम से दो विशेष बचाव जहाज तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना हुए। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल के टोही विमान व पोत समुद्र में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि लापता नाविकों को सुरक्षित निकाला जा सके।


