पलामू । मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में गला दबाकर एक महिला की हत्या कर दी गई। हत्या उसके पति ने की। महिला गर्भवती थी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार किया। शव को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रविवार को पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया। घटना शनिवार रात हुई।
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में एफआइआर दर्ज कर आरोपित पति को न्यायिक हिरासत में भेजा जायेगा। अभी तक की पूछताछ में आरोपित ने हत्या करने की कोई जानकारी नहीं दी है। घटना के समय आरोपित शराब के नशे में था।
आरोपित की पहचान रंजीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि उसकी पत्नी काजल देवी बताई गई है। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसी क्रम में रंजीत ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से भागने की तैयारी में था, लेकिन सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी और सहायक अवर निरीक्षक नबी अंसारी मौके पर पहुंचे और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि रंजीत और काजल दोनों दिव्यांग हैं। इसी वर्ष उनकी शादी हुई थी। काजल का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बोहिता गांव में है। 15 दिन पहले काजल ससुराल आई थी। उसे आने का मन नहीं था। काजल ने अपने परिजनों को बताया था कि रंजीत शराब के नशे में उसके साथ अमानवीय व्यवहार करता है। बावजूद उसके परिजन उसे ससुराल भेज दिए थे। शनिवार को घटना से पहले दोपहर में रंजीत ने पत्नी की पिटायी की थी और कमरे में बंद करके रखा था। इस क्रम में काजल ने घटना की जानकारी परिवार वालो को दी थी, लेकिन उन्होंने हल्के में लिया और रात में उसकी हत्या हो गयी।


