- जामताड़ा झारखंड के चर्चित अपराधी सुजीत सिन्हा का रविवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। यह घटना जामताड़ा जिले के सुपायडीह पंचायत स्थित मेला डंगाल गांव के समीप उस समय हुई, जब उसे साहिबगंज से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था।पुलिस के अनुसार, साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर सुरक्षा बल का वाहन अचानक पंक्चर हो गया। इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाते हुए एक सुरक्षाकर्मी का हथियार छीन लिया और वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि भागने के दौरान उसने जवानों पर फायरिंग भी की, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए।
स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली से सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई तथा पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी भी ली।
जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरी घटना की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच कराई जाएगी। सुजीत सिन्हा लंबे समय से कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था और उसका नाम झारखंड के कुख्यात अपराधियों में शामिल माना जाता था।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


