देवघर संताल एक्सप्रेस:- झारखंड स्टेट राइफल संघ के तत्वावधान में 29 से 31 जुलाई तक आसनसोल राइफल क्लब में आयोजित 16वीं झारखंड स्टेट राइफल/पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ के निशानेबाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देवघर की तमन्ना झा ने लड़कियों के 25 मीटर .22 पिस्टल स्पर्धा में 300 में से 246 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं आतिश ने ओपन वर्ग की 25 मीटर .32 फायर आर्म्स पिस्टल स्पर्धा में 300 में से 230 अंक प्राप्त कर रजत पदक जीता। विजेता खिलाड़ियों को नेशनल राइफल एसोसिएशन के सदस्य एवं वेस्ट बंगाल राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष वी. के. डाल ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।
इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी (DSO) संतोष कुमार, देवघर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े, देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार चौबे, जिला ओलंपिक संघ की सचिव चंदना झा, डीएसए सचिव आशीष झा, राइफल शूटिंग संघ के वरीय उपाध्यक्ष राजेश श्रृंगारी, राकेश नारायण सिंह, सुरेशानंद झा, डॉ. वीरेंद्र सिंह, संजय मालवीय, शेख इफ्तिखार एवं डॉ. राजीव रंजन सहित अनेक लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ के सचिव आजाद कुमार पाठक ने बताया कि इस बार जिले के निशानेबाजों का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा। उनके अनुसार, अंकों के आधार पर देवघर के 6 से 7 निशानेबाज अब ईस्ट इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए चयनित होंगे। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ की ओर से सभी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में अमित सिंह, कवि शंकर पंडित एवं विश्वजीत की भूमिका भी सराहनीय रही।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


