पलामू । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के एक चश्मा कारोबारी ने अपनी पुरानी प्रेमिका को दोबारा पाने के लिए उसके शिक्षक पति की गढ़वा में हत्या कराई थी। गढ़वा पुलिस ने बड़गड़ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दीपक कुजूर हत्याकांड का गुरूवार को खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक दीपक कुजूर सिमडेगा के रहने वाले थे। 19 जुलाई को अपनी सास को उनके मायके बरवा छोड़ कर बाइक से वापस सिमडेगा घर जा रहे थे। इसी दौरान सुपारी किलर ने बाइक से पीछा कर रास्ता रोका और गोली मार दी।
एसपी ने बताया कि शिक्षक की पत्नी पहले मेदिनीनगर में एक चश्मा दुकान में काम करती थी। इसी दौरान दुकान संचालक मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान से उसका प्रेम संबंध हो गया था। बाद में दिसंबर 2025 में महिला की शादी दीपक कुजूर से हो गई और वह सिमडेगा चली गई। कुछ समय पहले उसने एक बेटी को भी जन्म दिया था। जांच में सामने आया कि आरोपित अपनी पुरानी प्रेमिका को उसकी बेटी के साथ वापस मेदिनीनगर लाकर अपने साथ रखना चाहता था। महिला के इनकार करने और पति के साथ रहने पर उसने दीपक कुजूर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस का दावा है कि इसी साजिश के तहत 19 जुलाई को सालो जंगल के पास शिक्षक पर गोली चलाई गई और धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और छापेमारी के आधार पर पहले परवेज आलम को गिरफ्तार किया था। अब मुख्य आरोपित मेदिनीनगर के नवाटोली निवासी मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान और चैनपुर के उसके सहयोगी मफूज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, 18 कारतूस, एक स्कॉर्पियो, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


