मसानजोर (दुमका)। मसानजोर स्थित निरीक्षण भवन में ठहरे एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव कमरे के बेड पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ.शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रांची के बरियातू के निवासी थे और वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. मिंज अपने तीन मित्रों—सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार—के साथ शुक्रवार रात मसानजोर भ्रमण पर आए थे। सभी लोग निरीक्षण भवन के कमरा संख्या-1 और 2 में ठहरे थे। शनिवार सुबह डॉ. मिंज अपने कमरे के बेड पर अचेत अवस्था में मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं।उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में पदस्थापित हैं।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


