संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा (पाकुड़) । प्रखंड के डुमरचिर पंचायत स्थित मोरियो गांव में गुरुवार को डायरिया और मलेरिया के मामलों के सामने आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव के 13 महिला-पुरुष अचानक उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत से बीमार पड़ गए। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमड़ापाड़ा की मेडिकल टीम तत्काल गांव पहुंची और सभी मरीजों का इलाज शुरू किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अहमद के नेतृत्व में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम आवश्यक दवाइयों और चिकित्सीय सामग्री के साथ गांव पहुंची। जांच के दौरान सबीना मरांडी, सुहानती किस्कू, लुखी किस्कू, संतीना मुर्मू, मरांगबीटी मरांडी, तलामय हांसदा, संतोष किस्कू, पिनित मुर्मू, संझली हांसदा तथा सोनोती किस्कू में डायरिया की पुष्टि हुई।
वहीं सोमला मरांडी, राजन टूडू और स्वीटी सोरेन मलेरिया से संक्रमित पाए गए।स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों का गांव में ही चारपाई (खटिया )में तत्काल उपचार शुरू किया। मरीजों को स्लाइन, ओआरएस, आरएल, डीएनएस सहित आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया।डॉ. खालिद अहमद ने ग्रामीणों से स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा बासी भोजन से परहेज करने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण सभी मरीजों की स्थिति में सुधार है और फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं है। मेडिकल टीम गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए है।


