नई दिल्ली । उच्चतम न्यायालय ने दुष्कर्म मामले में ट्रायल कोर्ट से मिली सजा को बरकरार रखने के राजस्थान उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने वाली आसाराम बापू की याचिका पर सुनवाई करते हुए राजस्थान सरकार को नोटिस जारी किया है। जस्टिस एमएम सुंदरेश की अध्यक्षता वाली वेकेशन बेंच ने नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
उच्चतम न्यायालय ने आसाराम बापू को मिली सजा को निलंबित करने से इनकार कर दिया। उच्चतम न्यायालय ने आसाराम बापू को जेल में मिल रही चिकित्सा सुविधा जारी रखने का आदेश दिया। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि वो जमानत देने पर तभी विचार करेगा, जब स्वास्थ्य को लेकर गंभीर खतरा हो|
पिछले करीब 11 साल से आसाराम राजस्थान के जोधपुर जेल में बंद है और करीब एक दर्जन से अधिक बार उनकी जमानत अर्जी खारिज चुकी है। यौन उत्पीड़न के आरोप में आसाराम को 2013 में गिरफ्तार किया गया था। 20 अगस्त, 2013 को उनके खिलाफ जोधपुर आश्रम में यौन शोषण का मामला दर्ज कराया गया था। इसके अलावा सूरत की दो बहनों ने भी 2001 में आश्रम में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।


