दुमका। जिले के खेल जगत के लिए बुधवार का दिन एक ऐतिहासिक मोड़ लेकर आया। जिला खेलकूद विभाग द्वारा जारी निविदा के तहत अब ए टीम क्रिकेट ग्राउंड के संचालन, प्रबंधन और रखरखाव की कमान अगले पांच वर्षों के लिए जिला क्रिकेट संघ (डीसीए), दुमका को सौंप दी गई है। इस निर्णय से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है, जिसे जिले में क्रिकेट के विकास के लिए एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
समाहारणालय में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार की मौजूदगी में जिला क्रिकेट संघ के सचिव शावर्ण मनोज कुणाल को इस इकरारनामा की प्रति सौंपी। डीडीसी ने संघ को मैदान के बेहतर प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मैदान की जिम्मेदारी मिलने पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव कुणाल झा ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दुमका के क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल है। अब मैदान का नियंत्रण संघ के पास होने से जिले में प्रोफेशनल क्रिकेट को सीधा बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि जिला क्रिकेट संघ जल्द ही इस मैदान पर अपनी एक आधुनिक क्रिकेट अकादमी भी शुरू करने जा रहा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को तराशा जा सकेगा।
संघ ने मैदान के उपयोग को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। अब मैदान परिसर के भीतर किसी भी प्रकार के आयोजन, खेल या अन्य गतिविधियों के लिए जिला क्रिकेट संघ से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना पूर्व अनुमति के कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकेगा। इस संबंध में बनाए गए कड़े नियमों की सूची जल्द ही मैदान के तीनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी।
खेल गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सहूलियत का भी पूरा ध्यान रखा गया है। संघ के अनुसार, मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने वाले शहरवासियों के लिए तय समय पर मैदान का मुख्य द्वार खोला जाएगा ताकि आम लोगों को टहलने में कोई असुविधा न हो।
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि यह दुमका क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है। अपना समर्पित मैदान होने से अब सालभर विभिन्न क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन सुचारू रूप से हो सकेगा और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे। वहीं, संघ के कन्वेनर डॉक्टर तुषार ज्योति ने कहा कि मैदान की आउटफील्ड और पिच को हर मौसम में खेल के अनुकूल बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने खिलाड़ियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मैदान को साफ-सुथरा और बेहतर बनाए रखने में संघ का सहयोग करें।
इस नए बदलाव को दुमका में एक मजबूत खेल संस्कृति की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां अब खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए एक व्यवस्थित और विश्वस्तरीय मैदान मिल सकेगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


