संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी पंचायत अंतर्गत एक बंद पड़े पत्थर खदान में रविवार को डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम छा गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।मृतक की पहचान सोलागढ़िया गांव के नयापाड़ा निवासी हारुन अंसारी के 19 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इमरान अंसारी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इमरान रविवार को गांव के समीप स्थित बंद पड़े पत्थर खदान में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।बताया जाता है कि इमरान के साथ मौजूद एक 9 वर्षीय बालक ने उन्हें डूबते देखा और तत्काल गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। घटना स्थल गांव से लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण खदान के पास जुट गए।इधर, पंचायत के पूर्व मुखिया शफीक अंसारी ने घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा होमगार्ड के जवानों के सहयोग से युवक की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इमरान को पानी से बाहर निकाला गया।
बेहोशी की हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों के अनुसार, नहाने के दौरान संभवतः इमरान का पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। ग्रामीणों ने बताया कि इमरान अपने दो भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। हाल ही में उनकी बहन का विवाह हुआ था। इस दुखद हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
फिलहाल नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों ने बंद पड़े खदानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


