नई दिल्ली । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौता रविवार को साइन किया जाएगा। हालांकि, ईरान ने इससे इनकार किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ समझौता रविवार को साइन होने वाला है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समझौते के तुरंत बाद सभी के लिए खुल जाएगा। यह वैश्विक तेल आपूर्ति की धमनी है, जिसे ईरान ने बंद कर रखा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया मंच पर कहा कि दोनों पक्ष पहले से कहीं अधिक शांति समझौते के करीब हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 24 घंटों के भीतर किसी महत्वपूर्ण प्रगति या समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने संकेत दिया कि समझौते के लिए बातचीत जारी है, लेकिन किसी रूपरेखा पर हस्ताक्षर तत्काल होने की संभावना नहीं है। उनके बयान से यह स्पष्ट हुआ कि ईरान जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के पक्ष में नहीं दिख रहा। इस बीच क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी हुई हैं। ओमान के तट के पास एक अंतरराष्ट्रीय तेल टैंकर पर अज्ञात मिसाइल या ड्रोन से हमला हुआ है, जिससे समुद्री इलाके में तनाव बढ़ गया है। राहत की बात यह है कि जहाज पर मौजूद सभी कर्मचारी (क्रू) सुरक्षित हैं और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।


