तीन महीने बाद अंधे कत्ल का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार; कॉलेज में हुई थी दोनों की दोस्ती : एसपी
दुमका। मसानजोर डैम में 19 वर्षीय युवती रीना कुमारी का शव मिलने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके प्रेमी केतन कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के लिए लगातार दबाव बना रही प्रेमिका से छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने उसे घुमाने के बहाने मसानजोर ले जाकर सेल्फी ब्रिज से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उक्त बातें पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया। उन्होंने बताया कि 4 मार्च 2026 को मसानजोर डैम से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। बाद में शव की पहचान दुधानी निवासी रीना कुमारी के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल्स का सहारा लिया। छानबीन में एक संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आया, जो राजीव रंजन मंडल के नाम पर दर्ज था लेकिन उसका उपयोग उसका पुत्र केतन कुमार मंडल कर रहा था। पुलिस ने देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र स्थित जमुआसोल गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि रीना के साथ उसका करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान कॉलेज के दौरान हुई थी। आरोपी के अनुसार रीना लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि वह इसके लिए तैयार नहीं था। इसी कारण उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उन्होंने बताया कि घटना के दिन केतन रीना को मसानजोर डैम स्थित सेल्फी ब्रिज पर ले गया। वहां फोटो खिंचवाने के बहाने उसे रेलिंग के पास खड़ा किया और मौका देखकर नीचे धक्का दे दिया। युवती डैम के गहरे पानी में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसका शव बहते हुए डैम क्षेत्र में मिला।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का काला बैग, ओढ़नी, एसबीआई पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा शैक्षणिक प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। करीब तीन महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ दिलीप खलखो, इंस्पेक्टर विष्णुदेव पासवान, मसानजोर ओपी प्रभारी अबधेश कुमार तथा तकनीकी अनुसंधान टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


