नई दिल्ली । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) 2026 के दौरान तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित छात्रों को बड़ी राहत दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा तकनीकी कारणों से नहीं हो सकी, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
शनिवार को देश के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्याओं के कारण सीयूईटी-यूजी परीक्षा प्रभावित हुई। रिपोर्टों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने में देरी हुई, कुछ केंद्रों पर कंप्यूटर और सर्वर संबंधी दिक्कतें सामने आईं, जिसके चलते कई छात्रों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों से वापस लौट गए।
एनटीए ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि तकनीकी खामी के कारण छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा पर उसे खेद है। एजेंसी ने आश्वासन दिया कि प्रभावित छात्रों के साथ कोई अन्याय नहीं होगा और उन्हें पुनः परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। पुनर्परीक्षा की तिथि और समय जल्द घोषित किए जाएंगे।
तकनीकी समस्या के बाद एनटीए ने दोपहर की पाली की परीक्षा के समय में भी बदलाव किया और प्रभावित अभ्यर्थियों को पूरा परीक्षा समय देने की घोषणा की। एजेंसी के अनुसार, उसके तकनीकी साझेदार की ओर से आई गड़बड़ी को दूर कर लिया गया है और परीक्षा प्रक्रिया सामान्य कर दी गई है।
इस घटना के बाद परीक्षा प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि एनटीए ने भरोसा दिलाया है कि सभी प्रभावित छात्रों के हितों की रक्षा की जाएगी और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


